तहरीर: शकील
हुए स्कूल के दिन दुश्वार यारो,
किताबों का चढ़ा था भार यारो।
नहीं बनना था हमको होशियार यारो,
मगर करना था सबको प्यार यारो।
कभी हाज़िरी, कभी लेक्चर का टेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
अल-बरकात की वो सुबहें सुहानी,
नमाज़ों की अदा और अरबी की कहानी।
कभी सबक़ याद करना, कभी बात छुपानी,
कभी उस्ताद जी से नज़रें बचानी।
कभी अरबी में अटकता था मेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
जामिया उर्दू का जब दौर आया,
नए इल्म ने हमको बहुत कुछ सिखाया।
कभी लफ़्ज़ मुश्किल, कभी शेर आया,
कभी इम्तिहाँ ने पसीना बहाया।
कभी क़ायदा, कभी इमला का टेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
मिंटो सर्किल में जब क़दम रखा,
तो दोस्तों ने नया सिलसिला रखा।
कभी क्लास में हँसे, कभी बाहर भटके,
कभी टीचर के डर से किताबें पलटें।
कभी होमवर्क, कभी टेस्ट का टेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
कभी मैथ में उलझे, कभी साइंस में अटके,
कभी सवाल आए तो सारे ही भटके।
कभी कॉपी में लिखते, कभी बातें ही करते,
कभी दोस्त के नंबर पे नज़रें ही रखते।
नतीजों के दिन रहता था टेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
कभी कैंटीन में चाय का दौर चलता,
कभी दोस्तों में मज़ाक़ का शोर चलता।
किसी का दिल किसी के लिए धड़कता,
कोई इश्क़ के चक्कर में क्लास से भटकता।
कभी इश्क़, कभी दोस्ती का कनेक्शन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
कभी बनते थे हम बड़े फ़नकार यारो,
कभी करते थे ख़ुद को होशियार यारो।
मगर जब भी टीचर सवाल पूछते,
तो चेहरे पे छा जाता था अंधकार यारो।
कहाँ गया सारा इल्म और मेंशन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
अब वो क्लास बाक़ी, न वो यार बाक़ी,
न वो रोज़ मिलने की बहार बाक़ी।
मगर दिल में यादों का संसार बाक़ी,
वो हँसी, वो शरारत, वो प्यार बाक़ी।
शकील के दिल में है यादों का कलेक्शन,
अटेंशन ऐ दिल-ए-नादाँ अटेंशन।
— शकील | शायर एवं लेखक
No comments:
Post a Comment